बीसलपुर बांध की भराव क्षमता आधा मीटर बढ़ाने के प्रस्ताव के खिलाफ विस्थापित समन्वय संघर्ष समिति का पिछले दो माह से चल रहा धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। उपखंड कार्यालय में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (एडीएम) टोंक भूपेंद्र सिंह यादव, उपखंड अधिकारी रूबी अंसार तथा बांध के अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में समिति अध्यक्ष सत्यनारायण सरसड़ी ने धरना स्थल पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक सरकार भराव क्षमता बढ़ाने का निर्णय वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि सरकार ने बिना प्रभावित गांवों की सहमति लिए जल संग्रहण आधा मीटर बढ़ाने का प्रस्ताव किया है, जो न्यायसंगत नहीं है। करीब एक घंटे तक चली वार्ता में कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता में समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण सरसड़ी, कालू राम कुमावत, सुनीता मीणा, राय बहादुर सिंह, यादराम मीणा, सतीश वर्मा, हरलाल मीणा, दुर्गा लाल खींची, सुरेंद्र बैरवा, मनोज मीणा, धनराज मीणा, भाग चंद कुमावत आदि उपस्थित रहे।
बीसलपुर बांध की भराव क्षमता बढ़ाने के विरोध में धरना जारी, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता में नहीं बनी सहमति










