देवली में 6 फरवरी से 12 फरवरी तक आयोजित होने वाले पंच कल्याण महोत्सव को लेकर नगर पालिका पार्षदों ने प्रशासन से विशेष व्यवस्थाएं करने की मांग की है।
पार्षद भीमराज जैन और सीता देवी जैन ने उपखण्ड अधिकारी रूबी अंसार को ज्ञापन देकर महोत्सव के दौरान शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आग्रह किया है। महोत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पेट्रोल पंप चौराहे से छतरी चौराहा, जहाजपुर चुंगी नाका और गौरव पथ तक प्रतिदिन दो बार विशेष सफाई अभियान चलाने का सुझाव दिया गया है। साथ ही सड़कों के बीच खड़े होने वाले ठेलों को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की गई है ताकि जाम की स्थिति न बने। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महोत्सव में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने शहर की स्वच्छ और सुंदर छवि प्रस्तुत करना है। इस पत्र की प्रतिलिपि नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को भी प्रेषित की गई है ताकि महोत्सव के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहे।
पंच कल्याण महोत्सव में शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु एसडीओ को दिया ज्ञापन










