बीसलपुर बांध विस्थापितों का 124 दिन से देवली उपखंड मुख्यालय के बाहर चल रहा धरना शनिवार को देवली उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर की समझाईश के बाद समाप्त कर दिया गया है। सरकार द्वारा बांध की भराव क्षमता बढ़ाने सम्बन्धी निर्णय के विरोध में बांध विस्थापित धरने पर बैठे हुए थे। शनिवार को विधायक देवली आए तथा धरना स्थल पर बैठे विस्थापितों से चर्चा कर उनकी मांग को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया, जिस पर विस्थापित मान गए और धरना समाप्ति की घोषणा की। इस मौके पर विधायक ने कहा कि वह बीसलपुर बांध विस्थापितों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे तथा उनकी हर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान बीसलपुर विस्थापित संघर्ष समिति के पदाधिकारी ने विधायक को मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा मुख्य अभियंता जल संसाधन को लिखा गया पत्र भी दिखाया, जिसमें बीसलपुर बांध की भराव क्षमता 315.5 रखने के लिए जांच करने के आदेश दिए गए है। विधायक से वार्ता के दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण सरसडी, डॉ. प्रहलाद मीणा आदि ने विधायक की उपस्थिति में धरना समाप्त करने की घोषणा की।
समाचार से संबंधित वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए यूट्यूब लिंक पर क्लिक कीजिए। 👇
विधायक की समझाईश के बाद 124 दिन से चल रहा बीसलपुर बांध विस्थापितों का धरना समाप्त










