देवली में नेगड़िया पुलिया के पास शनिवार की रात्रि एक वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ताओं ने रविवार सुबह राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर धरना दिया। बाद में पुलिस उपाधीक्षक हेमराज द्वारा समझाईश के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवली गांव निवासी योगेश पुत्र शंकरलाल मेघवंशी तथा रामसिंह पुत्र कल्याण मल मीणा शनिवार रात बाइक द्वारा देवली की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नेगड़िया पुलिया के पास एक वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए। इस दुर्घटना में योगेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा रामसिंह घायल हो गया। बाद में सूचना पर एम्बुलेंस मोके पर पहुँची तथा घायल को देवली चिकित्सालय लाकर भर्ती करवाया जहां उसकी गम्भीर हालत देख जयपुर रैफर कर दिया। रविवार को सबेरे मृतक योगेश के परिजन एवं अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ता राजकीय चिकित्सालय पहुँचे तथा मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, दुर्घटनाकारित वाहन के विरुद्ध कार्रवाई तथा सड़क पर खड़े रहने वाले बजरी वाहनों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देवली-केकड़ी मार्ग पर बजरी खनन से जुड़े ट्रेलर, ट्रक और डंपर लंबे समय तक सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बाद में पुलिस उपाधीक्षक हेमराज मुंड मौके पर पहुंचे और अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ताओं से वार्ता की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में मृतक के पिता शंकरलाल मेघवंशी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है।
दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत मामले में अम्बेडकर विचार मंच कार्यकर्ता बैठे धरने पर, डिप्टी की समझाइश पर समाप्त किया धरना










