देवली में बुधवार से पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में भगवान झूलेलाल जयंती महोत्सव का शुभारंभ प्रभातफेरी के साथ किया गया। प्रभातफेरी में श्रद्धालुओं ने भजनों और भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाए।
सिंधी पंचायत अध्यक्ष विनोद धर्मानी ने बताया कि तीन दिनों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। 19 मार्च को सुबह प्रभातफेरी निकाली जाएगी, दोपहर में महिलाएं पारंपरिक गीतों और संगीत के माध्यम से श्रद्धा व्यक्त करेगी। रात्रि में सिंधी भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जहाँ आर्केस्ट्रा पार्टी की प्रस्तुतियों के साथ श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। कार्यक्रम के समापन पर समाज के लिए सामूहिक रात्रि लंगर का आयोजन होगा। उत्सव का मुख्य आकर्षण 20 मार्च को झूलेलाल जयंती के मुख्य पर्व पर दिखाई देगा। इस दिन शहर में एक वाहन रैली एवं शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
तीन दिवसीय झूलेलाल जयंती उत्सव का शुभारंभ : प्रभातफेरी, सिंधी भजन संध्या, शोभायात्रा समेत होंगे कई कार्यक्रम










