देवली उपखण्ड अधिकारी रूबी अंसार ने मंगलवार को स्थानीय पुलिस थाने का वार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाधिकारी दौलत राम, पुलिस निरीक्षक की उपस्थिति में थाने के महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, बीट बुक और मालखाना रजिस्टर का सूक्ष्मता से परीक्षण किया।
उपखण्ड अधिकारी ने लंबित प्रकरणों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि पुराने मामलों का विधि सम्मत और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से मालखाने में रखे जब्तशुदा सामान के सुरक्षित रख-रखाव और न्यायालय के आदेशानुसार उनके समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया को अद्यतन करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान थानाधिकारी के साथ क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति और आगामी चुनौतियों पर चर्चा की गई। एसडीएम ने थाना परिसर के एच एम कार्यालय, कम्पूटर कक्ष, शस्त्रागार, हवालात और मालखाना का अवलोकन करते हुए स्वच्छता और अनुशासन के मानकों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि हवालात में बंदियों के मानवाधिकारों का पूर्ण पालन हो और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए। एसडीएम ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक परिवादी, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ अत्यंत संवेदनशीलता और शिष्टता का व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास सुदृढ़ हो। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, विशेषकर नशे के कारोबार और अवैध खनन के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि इस थाने का पूर्व निरीक्षण अतिरिक्त जिला कलेक्टर टोंक रामरतन सौकरिया द्वारा किया गया था। एसडीएम ने थाने के रिकॉर्ड संधारण और परिसर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में सुधार हेतु आवश्यक सुझाव दिए। इस निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट आगामी कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को प्रेषित की जाएगी।
पुलिस थाने का एसडीएम ने किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर










