देवली उपखंड की ग्राम पंचायत गावड़ी के रघुनाथपुरा गांव में 2 जून को विद्युत पोल पर कार्य करते समय हाई वोल्टेज करंट लगने से एक युवक धनराज बैरवा गंभीर रूप से झुलस गया जिसे इलाज के लिए जयपुर भर्ती करवाया गया है। इस मामले में परिजनों ने गुरुवार को विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की तथा सैकड़ो ग्रामीणों ने गावड़ी जीएसएस पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विभाग के उच्च अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा ग्रामीणों से बात की। परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई जिसके चलते धनराज हादसे का शिकार हो गया। ग्रामीणों ने मौके पर ज्ञापन सौंप कर घटना की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में संबंधित लाइनमैन को निलंबित करने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा तथा पीड़ित को संविदा पर नौकरी देने की मांग की। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता डी. के. जैन ने बताया कि लाइनमैन को एपीओ किया जा चुका है तथा नियमानुसार मुआवजा राशि दिए जाने एवं संविदा पर नौकरी हेतु प्रशासन को अवगत करवाया गया है। समाजसेवी राजबहादुर रेगर ने बताया कि ग्रामीणों ने 7 दिन में मांगे मंजूर करने की चेतावनी देते हुए धरना समाप्त कर दिया है। इस दौरान तहसीलदार मेघा गुप्ता, थाना प्रभारी दौलत राम समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
विद्युत कार्य के दौरान युवक झुलसा, ग्रामीणों ने मुआवजे एवं जांच की मांग को लेकर जीएसएस पर किया प्रदर्शन










