बूंदी में राजकीय जनाना चिकित्सालय में प्रसव के दौरान प्रसूता सोनिया सैनी की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले को लेकर अखिल माली सेवा संस्थान जिला शाखा टोंक की ओर से शुक्रवार को उपखंड अधिकारी देवली रूबी अंसार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रसव के बाद सोनिया की तबीयत बिगड़ गई तथा लगातार रक्तस्राव होने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले में चिकित्सा लापरवाही का आरोप लगाया है। संस्थान ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी चिकित्सकों व जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही मृतका के परिवार को उचित आर्थिक सहायता तथा नवजात बालिका के पालन-पोषण और शिक्षा के लिए सरकार की ओर से विशेष सहायता दिलाने की मांग की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रसूता की मौत मामले में माली समाज ने की कार्यवाही की मांग, सीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन










