देवली उपखंड की ग्राम पंचायत आवां में पंचायत राज चुनाव में प्रशासनिक मशीनरी की व्यस्तता का फायदा उठाकर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। अतिक्रमी द्वारा रातों-रात बेशकीमती सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था, जिसे सूचना मिलते ही दूनी तहसीलदार ने रविवार को पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया और अतिक्रमी को पाबंद किया, प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमियों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवां में सरदारपुरा रोड़ के पास करीब एक बीघा सरकारी जमीन पर अतिक्रमी ने नींव खोदकर पक्का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसका पता लोगो को चला तो उन्होंने सरपंच शोभा भारद्वाज को बताया। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए दूनी तहसीलदार को अवगत कराकर न्याय संगत कार्रवाई करने की मांग की। बाद में तहसीलदार पुलिस बल के साथ स्वयं मौके पर पहुंचे तथा निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया और मौके पर पड़ी निर्माण सामग्री को जब्त करने की चेतावनी दी। उन्होंने अतिक्रमी भागचंद गोयल को लिखित में पाबंद किया कि यदि दोबारा इस भूमि पर किसी भी प्रकार की गतिविधि या निर्माण कार्य किया गया, तो उनके खिलाफ राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा रुकवाया, अतिक्रमी को किया पाबंद










