साइबर ठगी से अर्जित धनराशि के अवैध संकलन एवं हस्तांतरण में संलिप्त गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए देवली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया माध्यमों से अत्यधिक लाभ एवं त्वरित धन वृद्धि का प्रलोभन देकर आमजन को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर ने बताया कि दो कारों में संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे हुए चार व्यक्तियों के कब्जे से प्राप्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक खाता एवं अन्य डिजिटल संसाधनों का तकनीकी परीक्षण किया गया, तब यह मामला उजागर हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी निखिल शर्मा द्वारा सह आरोपी भावतोष विश्वास, मनराज गुर्जर एवं लोकेश मीणा को उनके बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, स्कैनर उपलब्ध कराने हेतु प्रेरित किया जाता था उक्त खातों में साइबर ठगी से अर्जित धनराशि प्राप्त की जाकर बाद में नगद अथवा अन्य माध्यमों से राशि मुख्य आरोपी तक पहुंचाई जाती थी, जिसके आवाज में शहर आरोपियों को कमीशन दिया जाता था। थाना प्रभारी ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों एवं बैंकिंग लेनदेन की जांच में सह आरोपियों के खातों में साइबर ठगी से संबंधित कुल 642740 रुपए की धनराशि की प्राप्त होना पाया गया। प्रारंभिक जांच से यह भी उजागर हुआ कि आरोपी साइबर ठगों द्वारा शेयर मार्केट ट्रेडिंग से आमजन को अत्यधिक लाभ एवं त्वरित धन वृद्धि का प्रलोभन देकर की जाने वाली साइबर ठगी से अर्जित धनराशि के संग्रह हस्तांतरण एवं निकासी हेतु म्यूल बैंक खातों का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन एवं दो मारुति कर भी जप्त की है। पुलिस आरोपियों से मामले में गहन पूछताछ कर रही है।
साइबर ठगी से अर्जित धनराशि के अवैध संकलन एवं हस्तांतरण में संलिप्त गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार










