देवली उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चांदली में स्काउट गाइड के तत्वावधान में आयोजित कौशल विकास एवं अभिरुचि प्रशिक्षण शिविर में बालिकाओं को आत्मनिर्भर और हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के कलात्मक और व्यावसायिक कौशल सिखाए जा रहे हैं।
शिविर प्रभारी भँवरलाल वैष्णव ने बताया कि शिविर में अब तक 200 से अधिक बालिकाएं मेहंदी लगाने का व्यावसायिक कौशल अर्जित कर चुकी है । मेहंदी प्रशिक्षक रितु धाकड़ के निर्देशन में बालिकाएं कागज की शीट पर मेहंदी के विभिन्न डिजाइनों का अभ्यास कर रही है। बालिकाएं शुरुआती दौर में भगवान श्री गणेश की सुंदर आकृतियों और हाथी (एलीफेंट मोटिफ्स) जैसे पारंपरिक और मांगलिक डिजाइनों को मेहंदी कोन की मदद से उकेरना सीख रही हैं। शिविर में भाग ले रही छात्राओं ने चार्ट पेपर पर ग्रिड बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। बालिकाओं का यह प्रयास न केवल उनकी रचनात्मकता को दर्शाता है, बल्कि आने वाले समय में उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक स्वतंत्रता की ओर भी अग्रसर करेगा। प्रधानाचार्य चन्द्र प्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि इस प्रकार के अभिरुचि शिविर बालिकाओं के छिपे हुए हुनर को निखारने और उनमें आत्मविश्वास भरने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस अनूठी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
राजकीय विद्यालय में कौशल विकास शिविर : बालिकाएं सीख रही है मेहंदी रचाने के हुनर










