देवली पुलिस ने साइबर ठगी एवं सोशल मीडिया पर अत्यधिक लाभ व त्वरित धनवृद्धि का प्रलोभन देकर आमजन को ठगी का शिकार बनाने के मामले में राज्य स्तरीय साइबर ठगी गैंग के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर ने बताया कि मुख्य आरोपी पंखीलाल मीना निवासी दुब्बी बिदरँखा (सवाई माधोपुर) को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में गिरोह द्वारा अर्जित धनराशि के अवैध संचलन एवं हस्तांतरण में संलिप्त चार सहयोगी आरोपियों निखिल शर्मा, भावतोष विश्वास, मनराज गुर्जर एवं लोकेश मीणा को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 2 फाइबर सेटअप बॉक्स, हुंडई कार एवं 7 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए हुलिया बदलकर फरार हो गया था तथा जगह बदल बदल कर अलग-अलग स्थान पर रहा। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक अनुसंधान के अनुसार आरोपी शेयर मार्केट ट्रेडिंग से आमजन को अत्यधिक लाभ एवं त्वरित धन,वृद्धि का प्रलोभन देकर अर्जित धनराशि के संग्रहण हस्तांतरण एवं निकासी हेतु म्यूल बैंक खातों का संचालन कर रहे थे। बाद में उक्त खातों में साइबर ठगी से अर्जित धनराशि प्राप्त कर मुख्य आरोपी तक पहुंचाई जाती थी, जिसकी एवज में सह आरोपियों को कमीशन दिया जाता था।
राज्य स्तरीय साइबर ठगी गैंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के चार सहआरोपी पूर्व में हो चुके हैं गिरफ्तार










