राजस्थान समग्र शिक्षक संघ ने तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण शुरू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।
संगठन के प्रतिनिधि पवन नामा ने बताया कि प्रदेशभर के तृतीय श्रेणी अध्यापक लंबे समय से स्थानांतरण नीति का इंतजार कर रहे हैं और उनके तबादले भी द्वितीय श्रेणी शिक्षको की तर्ज पर खोले जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन तृतीय श्रेणी अध्यापकों की मांग का पूर्ण समर्थन करता है। यदि आवश्यक हो तो शिक्षक स्वेच्छा से अपनी वरिष्ठता का परित्याग करने के लिए भी तैयार हैं। इसस शर्त को स्थानांतरण प्रक्रिया में शामिल कर पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से तबादले किए जा सकते हैं। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के अनेक शिक्षक वर्षों से अपने परिवार से दूर रहकर सेवाएं दे रहे हैं, जिससे उन्हें सामाजिक एवं पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने सरकार से मांग की है कि शिक्षकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र प्रभावी स्थानांतरण नीति लागू कर तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादले शुरू किए जाएं।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के भी तबादले किए जाए, समग्र शिक्षक संघ ने सीएम को भेजा ज्ञापन










