देवली नगर पालिका सभागार में सीएलजी सदस्यों, छात्राओं, महिलाओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारियों की बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक रोशन लाल मीणा ने पुलिस और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने के साथ महिला सुरक्षा, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
एसपी ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के विजन के अनुरूप पुलिस व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि देवली थाने में महिला थाना प्रभारी की नियुक्ति और विशेष कालिका यूनिट का गठन इसी पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें और मनचलों व अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक के दौरान एसपी ने छात्राओं और महिलाओं से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा करने वालों या नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखेगी। उन्होंने कहा कि नशे ने अनेक परिवारों को बर्बाद किया है और समाज को इस बुराई के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक ने मौजूद नागरिकों छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को नशे के प्रति शपथ भी दिलाई।
एसपी ने सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए महिलाओं और छात्राओं से अपने परिवार के सदस्यों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट का नियमित उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को काफी हद तक रोक सकता है। कार्यक्रम में देवली डीएसपी हेमराज मुंड और थाना प्रभारी प्रीती रत्नू समेत शहर के कई गणमान्य नागरिक, अधिकारी मौजूद थे। बैठक में व्यापारियों, महिला संगठनों, छात्राओं और अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी एसपी का स्वागत करते हुए पुलिस की जनहितकारी पहल का समर्थन किया।
एसपी ने महिला सुरक्षा, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की










