अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति सखी सहेली शाखा देवली द्वारा 23 अगस्त रविवार को दोपहर 1 बजे जगदीश धाम में महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों के लिए पहली बार शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
अध्यक्ष कमलेश मूंदड़ा और सचिव वंदना तोषनीवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अपनी प्रतिभा को पीछे छोड़ चुकी हैं, साथ ही बच्चों एवं बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। कोषाध्यक्ष मोनिका सुराणा व निवर्तमान अध्यक्ष नीतू मंगल ने बताया कि सखी सहेली शाखा द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 16 अगस्त को बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 50 प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं के प्रभारी नीलम गुप्ता और उषा जिंदल ने बताया कि शाखा का प्रयास है कि महिलाओं एवं बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए निरंतर मंच, अवसर और प्रोत्साहन मिलता रहे तथा वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
सखी सहेली ग्रुप द्वारा कल होगी शतरंज प्रतियोगिता










