देवली उपखंड की ग्राम पंचायत डाबर कला क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से पेयजल सप्लाई बंद होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। जल जीवन मिशन के तहत लगे नल कनेक्शनों में नियमित पानी नहीं आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि महीने में केवल एक-दो बार ही पानी की सप्लाई होती है।
पेयजल संकट के चलते कल्याणपुरा, कसया कॉलोनी और भगवानपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण परेशान हैं। मीठा पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीण फ्लोराइडयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सहायक अभियंता देवली को फोन करने पर फोन नहीं उठाया जाता। लगातार पेयजल संकट से नाराज ग्रामीणों ने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि डाबर कला ग्राम पंचायत क्षेत्र में जल्द से जल्द नियमित पेयजल सप्लाई शुरू कराई जाए।
पेयजल संकट से ग्रामीणों में भारी रोष, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी










