नगर पालिका की प्रथम बैठक रही हंगामेदार, कुछ टेंडर कैंसिल किए तो कुछ नए प्रस्ताव सर्वसम्मति से लिए गए
देवली नगर पालिका में नवगठित बोर्ड की प्रथम साधारण सभा की बैठक हंगामेंदार रही। बैठक में पूर्व के बोर्ड के कुछ कार्य निरस्त किए गए, वहीं अधिकांश प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकांश सदस्यों ने चिंता व्यक्त की तथा सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने एवं मशीनरी खरीदने पर चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष एवं विपक्ष सदस्यों के बीच खींचतान रही। सत्ता पक्ष की ओर से 30 सफाईकर्मी अतिरिक्त बढ़ाए जाने की मांग की गई वहीं विपक्ष की ओर से पार्षद रामनिवास मीणा ने 100 सफाई कर्मचारी बढ़ाने की मांग रखी। इस मामले में अधिशासी अधिकारी अमर सिंह गुर्जर ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता के अनुसार कर्मचारी रख लिए जाएंगे। बैठक में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 4 कचरा संग्रहण वाहन, 1 जेसीबी, 2 लिफ्टर व 1 डंपर खरीदने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से लिया गया। इसी प्रकार दीपावली के मौके पर शहर के मुख्य बाजार की सजावट का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से लिया गया। अस्थाई अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकांश सदस्यों ने कहा कि त्योहार के मौके पर किसी को परेशान नहीं किया जाए। इसी प्रकार शारदीय नवरात्रि में रामलीला प्रदर्शन, डांडिया महोत्सव, दशहरा आदि पर की गई व्यवस्थाओं के अनुमोदन समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर सर्वसम्मती से प्रस्ताव लिया गया।
बैठक में कांग्रेस के पार्षद भीमराज जैन ने सवाल उठाया कि गत दिनों शहर की लाइटों की मरम्मत का ठेका प्रशासक रहते हुए 47 लाख का किया गया जबकि यही काम 12 लाख रुपए में 1 साल के लिए हो जाता है तो फिर अधिक राशि का ठेका किस आधार पर किया गया है। इस मामले को लेकर काफी गहमा गहमी बनी रही तथा उपाध्यक्ष नेमीचंद जैन समेत सभी भाजपा पार्षदों ने उक्त ठेके को लेकर अपनी असहमति दर्ज कराते हुए ठेके को निरस्त किए जाने का प्रस्ताव रख दिया। भाजपा की ओर से विजय चौधरी, रवि बलसोरा, विनोद साहू आदि ने भी अपने विचार रखें वहीं कांग्रेस की ओर से राजबहादुर ने भी चर्चा में भाग लिया।
समाचार से संबंधित वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए यूट्यूब लिंक पर क्लिक कीजिए 👇
नगर पालिका की बैठक रही हंगामेदार, कुछ टेंडर कैंसिल तो कुछ नए प्रस्ताव लिए गए










