देवली पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय देवली में अभूतपूर्व उत्साह और भीड़ देखने को मिली। सुबह 10 बजे से ही प्रत्याशी अपने समर्थकों के काफिले के साथ कार्यालय पहुंचने लगे और शाम तक नामांकन का सिलसिला जारी रहा। अंतिम दिन अकेले 115 से अधिक नामांकन दाखिल हुए, जिसके बाद कुल संख्या 130 तक पहुंच गई।
अंतिम दिन कार्यालय परिसर के चारों ओर वाहनों का भारी जमावड़ा लगा रहा। ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थक नारेबाजी करते हुए प्रत्याशियों के साथ पहुंचे। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त जाब्ता लगाना पड़ा। कार्यालय के अंदर और बाहर पूरे दिन चुनावी गतिविधियां तेज नजर आईं। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं, वहीं बड़ी संख्या में बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी ताल ठोककर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। कई वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के साथ-साथ निर्दलीय आमने-सामने हैं। रिटर्निंग अधिकारी रूबी अंसार ने बताया कि अब शनिवार को सभी 130 नामांकन पत्रों की गहन जांच की जाएगी। जांच में वैध पाए गए प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी और उसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी। नाम वापसी के बाद ही चुनावी तस्वीर साफ होगी कि किस वार्ड में कितने प्रत्याशी मैदान में हैं।
इधर नामांकन का दौर समाप्त होते ही देवली में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। प्रत्याशी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क में जुट गए हैं।
पंचायत समिति चुनाव: अंतिम दिन नामांकनों की बाढ़, 130 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे










