देवली उपखंड के ग्राम रतनपुरा में आयोजित पांचवीं 108 श्रीरामचरितमानस पाठ के समापन एवं पूर्णाहुति के पावन अवसर पर हरि बोल रामधुनी प्रभात फेरी का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
प्रभात फेरी में विभिन्न गांवों से आई रामधुनी मंडलियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन हाथों में धर्मध्वजा लिए, राम नाम का संकीर्तन करते हुए भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। प्रभात फेरी में ठाकुरजी महाराज की मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। गांव के विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा रामधुनी मंडलों का पुष्पवर्षा, आत्मीय स्वागत एवं प्रसाद वितरण कर अभिनंदन किया गया। चारों ओर गूंजते जय श्रीराम के जयकारों और रामधुन से पूरा गांव भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो उठा। सरपंच अमरजीत धाकड़ ने बताया कि यह आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा का अनुपम उदाहरण रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
108 श्रीरामचरितमानस पाठ के समापन एवं पूर्णाहुति पर हरि बोल रामधुनी प्रभात फेरी निकाली










