देवली की तेजाजी कॉलोनी में आयोजित अर्धनारीश्वर शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत चल रही शिवमहापुराण कथा में कथा वाचिका पूजा बैरागी ने अर्धनारीश्वर स्वरूप की महिमा का प्रभावशाली वर्णन करते हुए कहा कि जो भी सौभाग्यशाली स्त्री श्रद्धा भाव से अर्धनारीश्वर भगवान की पूजा करती है, उसका सौभाग्य कभी नष्ट नहीं होता और उसका वैवाहिक जीवन सदैव सुखमय बना रहता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को समझाते हुए कहा कि जैसे थोड़ी सी औषधि शरीर के बड़े से बड़े रोग को शांत कर देती है, उसी प्रकार शिवमहापुराण की कथा के मात्र पांच मिनट भी यदि श्रद्धा से सुन लिए जाएं, तो वह मन के विकारों को दूर कर जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भर देती है। कथा के दौरान पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को भगवान अर्धनारीश्वर के दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए। दर्शन के समय भक्तों की आंखें श्रद्धा से नम हो उठीं और वातावरण पूर्णतः शिवमय बन गया। कथा के समापन के पश्चात पायल बाई किन्नर एवं सोनम बाई किन्नर ने व्यास पीठ की विधिवत आरती की और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। आयोजक पायल बाई किन्नर ने बताया कि शनिवार रात्रि को पांडाल में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान के सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रेमशंकर जाट अपने भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिससे भक्तिरस की गंगा बहेगी।
शिवमहापुराण कथा में अर्धनारीश्वर स्वरूप की महिमा का वर्णन किया










