देवली शहर की तेजाजी कॉलोनी में चल रहे अर्धनारीश्वर शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित शिवपुराण कथा के तृतीय दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कथा वाचिका पूजा बैरागी ने मां सती के दिव्य चरित्र और प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वाचिका ने बताया कि किस प्रकार मां सती और भगवान भोलेनाथ स्वयं कैलाश पर्वत से अगस्त्य ऋषि के आश्रम में शिवकथा श्रवण हेतु पधारे। उन्होंने यह भी वर्णन किया कि स्वयं भगवान शिव को अपनी ही कथा सुनने की इच्छा हुई, जिससे कथा की महिमा और भी अधिक बढ़ गई। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भक्ति और ज्ञान के गहरे भावों से जोड़ दिया। कथा में मां सती के रौद्र स्वरूप का सजीव वर्णन किया गया, जहां उनके तेज और शक्ति की अनुभूति से पूरा पंडाल शिवमय हो गया। कथा स्थल पर मां महाकाली की भव्य और आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर महोत्सव की आयोजक पायल बाई का शहर की महिलाओं द्वारा स्वागत किया गया।
अर्धनारीश्वर शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव : शिवपुराण कथा के दौरान सजाई महाकाली की भव्य झांकी










