देवली उपखण्ड में विश्व पर्यावरण दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित कर राजकीय महाविद्यालय एवं विद्यालयों में वृक्षारोपण किया गया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चांदली में स्काउट गाइड के तत्वावधान में चल रहे कौशल विकास एवं अभिरुचि शिविर के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। प्रधानाचार्य चन्द्र प्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि भामाशाह नवल मंगल द्वारा शिविर में भाग ले रहे सभी 100 छात्र-छात्राओं को टी-शर्ट और लोअर वितरित किए गए। विशिष्ट अतिथि के रूप में टोंक सीओ स्काउट सुरेन्द्र मेहरडा, स्थानीय संघ देवली के सचिव द्वारका प्रसाद प्रजापति, अनिल गौतम और खेमराज मीणा मंचासीन रहे। इस दौरान शिविर के सभी संभागियों और छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन भँवर लाल वैष्णव द्वारा किया गया।
राजकीय महाविदयालय देवली में प्राचार्य डॉ. पूरणमल वर्मा के निर्देशन में विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वीप गतिविधि के अंतर्गत एक पेड़ लोकतंत्र के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधे को लोकतंत्र का पेड़ नाम प्रदान किया गया। इस अवसर पर पर्यवरण संरक्षण के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस : महाविद्यालय एवं विद्यालय परिसर में किया वृक्षारोपण











