देवली उपखंड की ग्राम पंचायत गावड़ी के दुर्गापुरा ग्राम में गत दिनों विद्युत लाइन को ठीक करते समय करंट से झुलसने वाले धनराज बैरवा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर डॉ. अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम विज्ञापन उपखंड अधिकारी रूबी अंसार को सौंपा।
मीडिया प्रभारी दिलखुश टाटावत ने बताया की 2 जून को रघुनाथपुरा ग्राम में लाइनमैन जय शेखर विद्युत लाइन ठीक करवा रहा था, लाइनमैन ने पीड़ित धनराज को फोन कर काम करने के लिए बुलवाया। इस दौरान पीड़ित ने दो पोल तो ठीक कर दिए तथा तीसरे पोल पर कार्य करने से पहले लाइट बन्द करने बाबत पूछा तो लाइनमैन बोला की हां लाइट कटवा दी है। पीड़ित धनराज विश्वास करके विद्युत पोल पर चढ़ गया इसी दौरान लाइट चालू हो गई और धनराज बैरवा करंट की चपेट में आ गया जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और नीचे गिर गया। बाद में ग्रामीण धनराज को लेकर राजकीय चिकित्सालय देवली में आए, लेकिन हालत गंभीर होने से उसे जयपुर रैफर कर दिया। जयपुर एसएमएस में पीड़ित का इलाज चल रहा है और इस हादसे के कारण धनराज के दोनों हाथ काट दिए गए और एक पैर भी कटने की कगार पर है। ज्ञापन में बताया कि धनराज परिवार में अकेला कमाने वाला है जिसके तीन छोटी-छोटी बच्चियां है। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषी लाइनमैन व समस्त विद्युत विभाग अधिकारियों कर्मचारियों को निलंबित किए जाने, पीड़ित को 50 लाख रुपए का मुआवजा, उपचार व पुनर्वास हेतु आर्थिक सहायता एवं पीड़ित अथवा उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी दिलवाई जाने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही मांगों पर कार्यवाही नहीं की गई तो 12 जून के बाद उग्र आंदोलन किया जाएगा।
विद्युत विभाग की लापरवाही से युवक ने दोनों हाथ गवांए, अम्बेडकर मंच ने ज्ञापन देकर न्याय की मांग की










