राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) शाखा देवली के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी रूबी अंसार को शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों का समाधान समय पर होना चाहिए। संगठन की प्रमुख मांगें टीईटी की अनिवार्यता का समाधान, स्थाईकरण, आरजीएचएस योजना जारी रखने, पे-प्रोटेक्शन, ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्ववत लागू कर शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से शुरू करने, पोषाहार-ट्रांसपोर्ट वाउचर का बकाया भुगतान, राजस्थान मदरसा बोर्ड में समस्त कार्यरत मदरसा शिक्षा अनुदेशक व मदरसा कंप्यूटर अनुदेशक को नियमित करने, स्कूलों में स्टाफ बिजली पानी कमरों की व्यवस्था, सफाईकर्मी की नियुक्ति और स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग भी रखी। संघ के प्रदेश प्रतिनिधि कमलेश शर्मा ने कहा कि यदि मांगें अनसुनी रही तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी, कैलाश शर्मा, संजय चौधरी, अरुण माहेश्वरी, मदरसा शिक्षा अनुदेशक राधेश्याम धाकड़, जाकिर हुसैन सहित कई शिक्षक मौजूद थे।
शिक्षक संघ (शेखावत) ने शिक्षकों की मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री को भेजा ज्ञापन










