देवली उपखंड के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नयागांव राजकोट में मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत 2047 विषय को लेकर विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मीडिया प्रभारी भंवर लाल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं समूह चर्चा जैसी गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल तकनीक, रोजगार, कृषि एवं आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भाषणों एवं पोस्टरों में देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोकुलराम वर्मा सेवानिवृत्त अध्यापक नयागांव एवम् प्रधानाध्यापक मोरमुकुट सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा संकल्प है। विद्यार्थियों की शिक्षा, अनुशासन, नवाचार, मेहनत और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया।
मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत विषय पर विद्यालय में रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित










