प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को उनकी फसलों के वास्तविक उत्पादन के उद्देश्य से जिले में आयोजित किए जा रहे फसल कटाई प्रयोगों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता हेतु संयुक्त निदेशक कृषि रामलाल जाट के निर्देशन पर कृषि अधिकारी कजोड़ मल गुर्जर ने देवली उपखण्ड क्षेत्र के निवारिया गांव में आयोजित मक्का फसल कटाई प्रयोग का निरीक्षण किया।
कृषि अधिकारी ने चयनित खेत, फसल की स्थिति, निर्धारित प्लॉट के मापदंड, कटाई की प्रक्रिया, उपज तौल, आंकड़ों के संकलन तथा सीसीई (क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट) मोबाइल ऐप में की जा रही ऑनलाइन प्रविष्टियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फसल कटाई प्रयोगों का प्रत्येक चरण निर्धारित मानकों एवं विभागीय एसओपी के अनुसार ही संपादित किया जाए ताकि किसानों को बीमा दावा निर्धारण में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। कृषि अधिकारी ने कहा कि फसल कटाई प्रयोग प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की आधारशिला हैं। इन प्रयोगों से प्राप्त वास्तविक उत्पादन आंकड़ों के आधार पर ही बीमा इकाई का औसत उत्पादन निर्धारित किया जाता है तथा किसानों को देय बीमा दावों की गणना की जाती है। निरीक्षण के दौरान सहायक कृषि अधिकारी शंकर सोयल, कृषि पर्यवेक्षक धन्नालाल, राजवीर सिंह हाड़ा, बीमा कम्पनी प्रतिनिधि गोर्वधन त्यागी सहित अनेक कृषक उपस्थित थे।
कृषि अधिकारी ने किया मक्का फसल कटाई प्रयोग का निरीक्षण










