कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में टोंक एक बार फिर देश-विदेश के कलाकारों की मेजबानी करने जा रहा है। अंतरंग कला एवं एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी, टोंक और राजस्थान ललित कला अकादमी, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 20वें अंतरराष्ट्रीय कला पर्व ‘क्रेयान्स’ का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक टोंक में किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. हनुमान सिंह राजावत ने बताया कि तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय कला पर्व में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों के ख्यातनाम चित्रकार और मूर्तिकार भी भाग लेंगे। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और राजस्थान के कलाकारों के अलावा नेपाल और रूस के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि कला पर्व के दौरान विभिन्न कला श्रेणियों में कलाकारों की उत्कृष्ट और सृजनात्मक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। बेहतर कला प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देश-विदेश के प्रमुख कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय कला रत्न, राष्ट्रीय कला रत्न और राज्य कला रत्न जैसे सम्मानों से नवाजा जाएगा। कलापर्व सचिव पुष्पेन्द्र जैन ने बताया कि 20वें अंतरराष्ट्रीय कला पर्व ‘क्रेयान्स’ के भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं, ताकि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और बेहतर तरीके से पूरी की जा सकें।
2 से 4 अक्टूबर तक टोंक में होगा 20 वां अंतरराष्ट्रीय कला पर्व क्रेयान्स










