किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, बाजरा-मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने की मांग
भारतीय किसान संघ जिला टोंक के प्रतिनिधियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष तेज प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में सौंपै गए ज्ञापन में टोंक जिले में बाजरा एवं मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने, दूध के डेयरी खरीद मूल्य एवं बोनस में वृद्धि, रबी फसलों की बुवाई के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा किसान हित में भूमि अधिग्रहण को न्यायपूर्ण बनाने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि बाजरा की फसल तैयार होकर मंडियों में आना शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,900 तथा मूंग का 8,780 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जबकि वर्तमान में मंडियों में किसानों को बाजरा का लगभग 2,200 तथा मूंग का 7,000 से 8,000 प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। राजस्थान बाजरा एवं मूंग उत्पादक प्रमुख राज्यों में शामिल है तथा बाजरा को केंद्र सरकार द्वारा श्रीअन्न के रूप में प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे में किसानों को घोषित समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन में किसानों ने सूअरों से फसल नुकसान की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। मांग की गई कि वन विभाग द्वारा सूअरों को पकड़कर बड़े जंगलों एवं अभयारण्यों में छोड़ा जाए तथा सूअरों से होने वाले फसल नुकसान को व्यक्तिगत फसल बीमा क्लेम में शामिल किया जाए। साथ ही ऐसे नुकसान पर आपदा राहत अनुदान देने का प्रावधान करने की मांग की गई। किसान संघ ने राज्य सरकार से किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए तत्काल आवश्यक निर्णय एवं कार्रवाई कर किसानों को राहत प्रदान करने का आग्रह किया है। इस मौके पर छोटू राम, नीरज कुमार चौधरी, कजोड़, हंसराज, भंवरलाल जाट, राम सहाय, देवलाल जाट आदि मौजूद रहे।
किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन, बाजरा-मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने की मांग










