देवली में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपये की अवैध शराब से भरा कंटेनर जब्त किया है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन लाल ढाका ने बताया कि डीएसटी टीम टोंक प्रभारी ओमप्रकाश उ.नि. व थानाधिकारी देवली प्रीति रत्नु पु.नि. के नेतृत्व में गठित टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने एक कन्टेनर नम्बर आरजे 19 जीएफ-7361 को जब्त किया, जिसमें पंजाब निर्मित अवैध शराब के 1500 कार्टून भरे हुए थे। मौके से आरोपी हीराराम पुत्र मोटाराम जाट निवासी साजटा थाना सदर बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अवैध शराब की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। कंटेनर चालक से शराब परिवहन का लाईसेंस मांगा तो कोई लाईसेंस नहीं होना बताया। इस पर उक्त बिना लाईसेंस के अधिक मात्रा में शराब लाना ले जाना धारा 19/54 आबकारी अधिनियम का अपराध होने से हाईवे पर आवागमन को देखते हुए सुरक्षार्थ नजदीक ही स्थित वृत्त कार्यालय देवली पर कन्टेनर मय चालक को लाया गया। आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 19/54 एक्साईज एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान जारी है।
देवली में 2 करोड़ की अवैध शराब पकड़ी, कंटेनर सहित एक तस्कर गिरफ्तार










