देवली उपखंड के राजकीय विद्यालयों में विकसित भारत अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन कर सेवा और स्वच्छता का संदेश दिया। यात्रा में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, नगर पालिकाकर्मियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली प्रधानाचार्या वसुधा शर्मा ने बताया कि यात्रा विद्यालय से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए छतरी चौराहा पहुंची। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने सेवा भाव, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण के नारों से माहौल को देशभक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी अरुण शर्मा रहे। छतरी चौराहा पर सभी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य द्वारा समाज सेवा और राष्ट्रीय संकल्पों को साकार करने की शपथ दिलाई गई।
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी प्रधानाचार्य कैलाश वर्मा ने बताया कि छात्र छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं विश्व में भारत का नेतृत्व पर विशाल सेवा संकल्प कलश यात्रा निकाली। इस मौके पर मेरे सपनों का भारत और राजस्थान विषय पर भाषण, निबंध,आशु भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता, पेंटिंग, रंगोली, कहानी पढ़ो, कक्षा कक्ष स्वच्छता, कार्यालय स्वच्छता, सामुदायिक जागरूकता आदि कहीं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विकसित भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों ने निकाली सेवा ज्योति कलश यात्रा










