देवली पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए मंदिरों से चांदी के छत्र और कुओं से विद्युत केबल चोरी करने वाली गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में करीब 2 दर्जन से अधिक चोरियों की वारदातें करना स्वीकार किया है।
थानाधिकारी प्रीति रत्नू ने बताया कि 18 नवंबर को बावड़ी बालाजी मंदिर से अज्ञात चोर चांदी के छत्र चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना देवली में प्रकरण संख्या 295/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, स्थानीय स्तर पर पूछताछ, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद सवाईमाधोपुर, पुष्कर आदि जगहों पर जंगलों में छिपकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसे राजमहल थाना दूनी की पहाड़ियों के पास से डिटेन किया।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी कुशीराम उर्फ अंकेश पुत्र रतन लाल मोग्या, उम्र 19 साल, निवासी चराई, थाना सदर टोंक है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने थाना मोर के बालाजी का मंदिर (रतलाई), थाना उनियारा, थाना मालपुरा, थाना पीपलू, टोडारायसिंह, थाना मेहंदवास व थाना केकड़ी क्षेत्र में कुओं से विद्युत केबल चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस का मानना है कि विस्तृत पूछताछ में जिले व अन्य जिलों की और भी वारदातें खुलेंगी। आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल चोरी करने व ताले तोड़ने के लिए प्रयुक्त किए जाने वाले अनेक प्रकार के औजार बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध एक दर्जन से ज्यादा मामले टोंक बूंदी सवाई माधोपुर अजमेर जिलों में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी आरोपी श्योराज मोग्या के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था। चोरी किए गए चांदी के छत्रों की बरामदगी के लिए पुलिस पूछताछ जारी है।
मंदिरों से चांदी के छत्र व कुओं से केबल चुराने वाली गैंग का खुलासा, 2 दर्जन से अधिक वारदातें कबूली










