देवली में बुधवार को राष्ट्रसंत आचार्य 108 पुलक सागर महाराज का ससंघ प्रथम बार भव्य मंगल प्रवेश हुआ। आचार्य के आगमन को लेकर देवली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़े हजारों धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
आचार्य संघ का जैसे ही जहाजपुर चुंगी नाके से शहर में प्रवेश हुआ, वातावरण महाराज की जय के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मुनि 108 वैराग्य सागर महाराज एवं मुनि 108 सुप्रभ सागर महाराज की आचार्य से भावपूर्ण और वात्सल्यमयी भेंट हुई, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से आचार्य के चरणों का पाद प्रक्षालन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। शहर के विभिन्न जिनालयों के दर्शन करते हुए आचार्य संघ पटेल नगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचा। यहां आयोजित धर्मसभा में आचार्य ने अपने ओजस्वी एवं अमृत तुल्य प्रवचनों से उपस्थित जनसमूह को धर्मलाभ प्रदान करते हुए जीवन कल्याण का मार्ग दिखाया। शाम को आचार्य संघ के सान्निध्य में आनंद यात्रा का आयोजन किया गया।
पुलक सागर महाराज का मंगल प्रवेश, जयकारों से गूंज उठी देवली की धरा










