राजकीय महाविद्यालय देवली में छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशलों से परिचित कराने और उनमें आत्मविश्वास व सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. पूरणमल वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। आयोजन रानी लक्ष्मीबाई समिति की संयोजक सहायक आचार्य सुमन मीणा एवं समिति सदस्य प्रियंका शर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाने के साथ-साथ उनमें साहस, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित करता है। प्रशिक्षण के पहले दिन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट देवली की सदस्य रजिया बानो, गायत्री चौधरी, शकुंतला और सुनीता ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। टीम द्वारा आगामी चार सप्ताह तक नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें छात्राओं को संभावित जोखिमपूर्ण परिस्थितियों से निपटने तथा आवश्यकता पड़ने पर आत्मरक्षा तकनीकों के प्रभावी प्रयोग के तरीके सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. निशा मीणा एवं डॉ. शकीला नकवी का सक्रिय सहयोग रहा।
महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शुरू, छात्राओं को सिखाए व्यावहारिक कौशल










