पेंशनरों ने भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्त विधेयक का विरोध करते हुए 25 मार्च को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। सभी पेंशनरों से अपील की गई है कि वे काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराएं।
उपशाखा अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के आह्वान पर 25 मार्च को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। सभी पेंशनरों से अपील की गई है कि वे काली पट्टी बांधे या काले कपडे पहनकर विरोध दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि राजस्थान पेंशनर समाज की सभी जिला शाखाएं और उपशाखाएं उस दिन प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौपेंगी। इसके लिए पेंशनरों के साथ जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी और तहसीलदार कार्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। पेंशनरों का कहना है कि इस कानून के लागू होने के बाद पेंशन में वद्धि नहीं होगी, पूर्व पेंशनरों के लाभ समाप्त किए जा सकते है और फिक्स पेंशन भी निर्धारित की जा सकती है। साथ ही इस कानून के तहत न्यायालय में कोई वाद दायर नहीं किया जा सकेगा। अध्यक्ष ने सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे 25 मार्च को प्रातः10 बजे देवली में उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के बाहर उपस्थित हों। इसके बाद सभी पेंशनर्स उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौपेंगे।
पेंशन विधेयक के विरोध स्वरूप राजस्थान पेंशनर समाज कल मनाएगा काला दिवस, विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम सौपेंगे ज्ञापन











