देवली के समीप अम्बापुरा कॉलोनी में पिछले 24 घंटों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प है। पूरी कॉलोनी अंधकार में डूबी हुई है तथा भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना बिजली के रह रहे लोगो का जीना मुहाल हो गया है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि बिजली गुल होने का सबसे बड़ा असर पानी की सप्लाई पर पड़ा है। वॉटर पंप और ट्यूबवेल न चलने के कारण घरों में पानी की बूंद-बूंद के लिए किल्लत हो गई है। लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी रात में ही दम तोड़ चुके हैं, जिससे मोबाइल चार्जिंग से लेकर बच्चों की पढ़ाई और वर्क फ्रॉम होम करने वाले नौकरीपेशा लोगों का काम पूरी तरह ठप हो गया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्होंने बिजली दफ्तर और हेल्पलाइन नंबर पर दर्जनों बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार जल्द ठीक होने का आश्वासन देकर टाल दिया गया। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी फॉल्ट का पता लगाने या उसे ठीक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। कॉलोनीवासियो का कहना है कि अगर अगले कुछ घंटों में बिजली बहाल नहीं की गई, तो कॉलोनी के लोग नेशनल हाईवे 52 पर उतरकर चक्का जाम करेंगे और विद्युत कार्यालय का घेराव करेंगे।
अम्बापुरा कॉलोनी में 24 घंटे से बिजली गुल होने से मचा हाहाकार, भीषण गर्मी से परेशान एवं बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग










