परिवहन विभाग ने शुक्रवार को बीसलपुर बांध और बनास नदी में विशेष अभियान चलाकर नावों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की सघन जांच की। फिटनेस प्रमाण पत्र के अभाव वाली नावों के चालान काटे गए।
परिवहन निरीक्षक गंगाराम रेगर के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बीसलपुर और बोयड़ा क्षेत्र में संचालित करीब 25 नावों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण 12 नावों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं बनवाया गया और भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए संबंधित नाविक ही व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।अधिकारियों ने नाविकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य है, नाव को हमेशा नियंत्रित गति में ही संचालित किया जाए और नाव में किसी भी प्रकार के स्टंट करने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि नाव को भी तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया जाएगा। अभियान के दौरान परिवहन विभाग के गार्ड सरदार सिंह और यातायात सलाहकार योगेश श्रीमाल भी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने बनास नदी में चलने वाली नावों की जांच की, बिना फिटनेस चल रही नावों पर की कार्रवाई










