जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मिलावट के विरुद्ध सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह कार्रवाई अभियान के तहत देवली में रिलायंस रिटेल लिमिटेड का निरीक्षण कर धनिया पाउडर एवं मिल्किट ब्रांड के बिस्कुट के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर ने बताया कि दोनों नमूनों को गुणवत्ता एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया जाएगा। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जिलेभर में लगातार निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की जा रही है। कमोडिटी वाइज अभियान के तहत विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावना को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि तथा गुणवत्ता संबंधी जानकारी अवश्य जांचें और किसी भी प्रकार की मिलावट की शिकायत होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में मिलावट के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ रामकृष्ण गोठवाल, सांवरमल नेहरा, तिलक वर्मा एवं प्रदीप उपस्थित रहे।
शुद्ध आहार मिलावट पर वार: खाद्य सुरक्षा विभाग ने धनिया पाउडर एवं बिस्कुट के नमूने लिए










