राजकीय महाविद्यालय में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद आयोजित, युवाओं को दिलाई नशा-मुक्ति की शपथ
माय भारत केंद्र टोंक एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय देवली में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी कुमार मधुकर के दिशा-निर्देशन में लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय नशा-मुक्त युवा रहा, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। अध्यक्षता करते हुए रोहिल कुमार ने माय भारत पोर्टल की जानकारी दी और युवाओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. पूरण मल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नई किरण: नशा-मुक्ति केंद्र की नोडल प्रभारी निकिता वर्मा ने अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। माय भारत मंडल गदोलाई अध्यक्ष विशाल सैनी ने सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में भागीदारी का आह्वान किया, वहीं प्रियंका शर्मा ने नशे से होने वाले शारीरिक-मानसिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया। मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार मीणा एवं राम प्रसाद चौधरी ने किया। समापन पर युवाओं को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई गई और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया गया।
राजकीय महाविद्यालय में युवाओं को दिलाई नशा-मुक्ति की शपथ










