श्री जाट समाज विकास समिति देवली के तत्वावधान में 17 मई को आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर देहलवालजी मंदिर परिसर स्थित जाट धर्मशाला में समाज की बैठक समिति अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में आयोजित की गई।
बैठक में प्रतिभा सम्मान समारोह के सफल आयोजन हेतु समिति का गठन कर सर्वसम्मति से शिवजी चौधरी (सरोली) को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित युवाओं और अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावानों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे समाज में शिक्षा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने समाज की एकता को मजबूत बनाए रखने तथा गांव-गांव जाकर कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों, विशेष रूप से मृत्यु भोज जैसी परंपराओं पर अनावश्यक खर्च को कम करने तथा सामाजिक कार्यक्रमों को सादगीपूर्ण बनाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रखने, उन्हें खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने तथा बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान होली स्नेह मिलन एवं स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया। प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर अगली बैठक देहलवाल बाबा मंदिर, सिरोही में 22 मार्च को आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में देवली, दूनी व जहाजपुर तहसील के करीब 31 से अधिक गांवों के समाज बंधुओं ने भाग लिया।
जाट समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह 17 मई को, बैठक आयोजित कर समारोह की तैयारियों पर चर्चा की










